बिलासपुर।
बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर बिचौलियों और दलालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी करते हुए आधा दर्जन से अधिक दुकानों पर दबिश दी। इस छापे में कुल 1112 कट्टी धान जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 14 लाख रुपए आंकी गई है। इन धान का अवैध भंडारण सोसाइटियों में खपाने की योजना बनाई गई थी। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जब्त किए गए धान पर निगरानी रखी जाए, ताकि यह केंद्रों पर बेचा न जा सके।
खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि आज एसडीएम बिल्हा के मार्गदर्शन में चकरभाठा स्थित जय श्री कृष्ण ट्रेडर्स से 370 बोरी (148 क्विंटल) धान को जप्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही खाद्य और मंडी विभाग ने सीपत निवासी फुटकर व्यापारी इंद्र वर्मा की दुकान मां प्रॉविजन स्टोर्स से 73 कट्टी और शिवगोपाल साहू के प्रतिष्ठान से 69 कट्टी कुल 142 कट्टी (56.80 क्विंटल) धान को जप्त किया है। यह सभी धान मंडी अधिनियम के तहत जब्त किए गए हैं।
इसी प्रकार चकरभाठा स्थित सुरेश धान भंडार से 150 बोरी (60 क्विंटल) धान जप्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। तहसील कोटा के ग्राम गोबरिपाट में फर्म सत्यप्रकाश दुबे से 450 कट्टी (180 क्विंटल) धान जब्त किया गया। इस धान से संबंधित किसी प्रकार का मंडी शुल्क रसीद और स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं होने पर मंडी अधिनियम के तहत 5 गुना शुल्क लगाया गया और पंचनामा तैयार किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










