भिलाई (रवि कुमार भास्कर)।
मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाजी की धूम के बीच प्रशासन ने चाइनीस नायलॉन मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। भले ही चाइनीस मांझा पर प्रतिबंध है, लेकिन कई व्यापारी चोरी-छिपे इसका व्यापार कर रहे थे। इस पर आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने प्रमुख बाजारों में छापेमारी की। इस दौरान ताज पतंग सेंटर और सुगंधी पतंग सेंटर से बड़ी मात्रा में चाइनीस मांझा जब्त किया गया और चालान भी काटा गया।

बाजारों में छापेमारी अभियान
स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के नेतृत्व में जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन बंजारे, अनिल मिश्रा और अंकित सक्सेना ने अपनी टीम के साथ कई प्रमुख पतंग विक्रेताओं के यहां दबिश दी। इस दौरान कई दुकानों पर कार्रवाई की गई और चाइनीस मांझा व नायलॉन धागा जब्त किया गया। टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि यदि दोबारा प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई होगी।
विधायक और महापौर की अपील
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और महापौर नीरज पाल ने पतंग विक्रेताओं और नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि चाइनीस मांझा और नायलॉन धागा बेहद खतरनाक है और इससे राहगीरों को गंभीर चोटें आ सकती हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रतिबंधित धागों का उपयोग न करने की अपील की और प्रशासन को सहयोग करने का अनुरोध किया।
खतरनाक साबित हो रहा चाइनीस मांझा
प्रशासन का कहना है कि चाइनीस मांझा और नायलॉन धागा बेहद खतरनाक होता है। यह सड़क पर चलने वाले राहगीरों को घायल कर सकता है। कई बार इस मांझे की चपेट में आने से बड़े हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय कच्चे धागों का ही उपयोग करें और बाजार में उपलब्ध प्रतिबंधित उत्पादों की जानकारी प्रशासन को दें।
कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारी
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के साथ जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन बंजारे, अनिल मिश्रा और अंकित सक्सेना अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न बाजारों में छापेमारी की और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि यदि वे प्रतिबंधित मांझा बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










