



बिलासपुर।
न्यायधानी में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार को ए.सी.सी.यू. और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इंजेक्शन और टेबलेट के दो सप्लायर विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से लगभग 31 लाख रुपये की कीमत के नशीले इंजेक्शन और टेबलेट जब्त किए हैं।
थाना सिविल लाइन और ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) टीम ने बीते 26 सितंबर को कल्पना कुर्रे नामक युवती और एक नाबालिग को अवैध रूप से नशे की सामग्री बेचते हुए पकड़ा था। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से पुलिस ने करीब 896 नग नशीली Nitrazepam Tablets IP Nitrosun बरामद की थीं। इसी तरह बीते 22 अक्टूबर को सृष्टि कुर्रे नामक युवती को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से कुल 150 नग BUPRENORPHINE इंजेक्शन और REXOGESIC Ampoules जब्त किए गए थे। दोनों मामलों के आरोपियों से पूछताछ के दौरान रायपुर के विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम से पार्सल के माध्यम से इन नशीली सामग्रियों की सप्लाई मंगाने का खुलासा हुआ।
इस जानकारी के बाद सिविल लाइन थाना में विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम के खिलाफ धारा 21, 22 नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी इलेक्ट्रिक कार से बिलासपुर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने जैसे ही दोनों आरोपियों को बिलासपुर पहुंचते देखा, उन्हें गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई।
गिरफ्तारी के दौरान विक्रांत सरकार और रविशंकर मरकाम के कब्जे से 11 लाख रुपये की 2150 नग नशीली टेबलेट और 20 लाख रुपये की 23648 नग Ampoules बरामद की गईं। इसके अलावा, नशीली टेबलेट की सप्लाई में प्रयुक्त टाटा पंच इलेक्ट्रिक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से इन्वेस्टीगेशन कर नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है और विधि अनुसार कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा, नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ एण्ड-टु-एण्ड कार्यवाही की जाएगी।





