कबीरधाम। कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो 308 ग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने गांजा तस्कर और उसके सप्लायर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम भागुटोला क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने त्रिलोचन सिंह राजपूत (49 वर्ष) को पकड़ा। वह मूल रूप से ग्राम बिरनपुर (चौकी दशरंगपुर) का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम भागुटोला (सुधा देवी सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे जेवडन रोड) में रह रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ।
पूछताछ में खुला सप्लायर का राज
गिरफ्तार आरोपी त्रिलोचन सिंह राजपूत से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने गांजे के सप्लायर का नाम भी उगल दिया। उसने बताया कि उसे यह गांजा ग्राम कांपा (दईहान चौक के पास) निवासी चित्रकांत साहू (35 वर्ष) ने सप्लाई किया था। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और सप्लायर चित्रकांत साहू को भी हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
सख्त चेतावनी
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






