नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय नोटों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिससे राजधानी में एक बड़ी आपराधिक गतिविधि का अंत हुआ है। पुलिस ने 3.98 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मोहम्मद जुबैर उर्फ सोनू (26), फाज़िल (19), और मोहसिन (19) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के निवासी हैं।
पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि गिरोह का प्रमुख सदस्य पहाड़गंज इलाके में नकली नोटों की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। इस पर पुलिस ने गांधी मार्केट के पास एक विशेष टीम की तैनाती की और जाल फैलाया। पुलिस टीम ने जल्द ही फाज़िल और मोहसिन को संदिग्ध गतिविधियों के साथ देखा। जब दोनों ने भागने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान, उनके पास से 100 रुपये के नकली नोटों के 40 बंडल बरामद किए गए, जो रबर बैंड में बंधे और पॉलिथीन में छिपाए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली नोटों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति में सक्रिय थे और ये नोट उन्होंने जुबैर उर्फ सोनू से लिए थे, जो गिरोह का मास्टरमाइंड माना जाता है। इसके बाद पुलिस ने जुबैर को भी बुलंदशहर से गिरफ्तार किया। छापे में प्रिंटर, मोटरसाइकिल, और एक स्कूटर भी बरामद हुए हैं।









