-
कहा- भ्रांतियों को दूर करने प्रबंधन जारी करेगा प्रेस रिलीज;
-
टाउनशिप में बनेंगे 10 हजार नए मकान, लीज का भी होगा नवीनीकरण
भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) और सेक्टर-9 अस्पताल के निजीकरण को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बीएसपी निदेशक प्रभारी चितरंजन मोहापात्रा के साथ विभिन्न विषयों पर हुई सार्थक चर्चा के बाद यह खुलासा किया। उन्होंने भिलाइयंस को आश्वस्त किया कि न तो बीएसपी और न ही अस्पताल का निजीकरण होगा, और टाउनशिप विस्तार या लीज को लेकर फैली भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की।
अफवाहों पर लगेगी रोक
विधायक सेन ने बताया कि प्रबंधन को टाउनशिप में फैल रहे भ्रम को दूर करने के लिए समय-समय पर प्रेस रिलीज जारी करने को कहा गया है, ताकि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे। इसके अलावा, टाउनशिप में विद्युत पोल और सड़कों के किनारे लगे बेतरतीब बैनर-पोस्टर भी हटाए जाएंगे। भविष्य में बगैर अनुमति ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विस्तारीकरण, भर्ती और आवास योजना
चर्चा में स्पष्ट हुआ कि केंद्र सरकार सेल (SAIL) और बीएसपी के विस्तारीकरण पर कार्य कर रही है। बुलेट ट्रेन की पटरियां भिलाई इस्पात संयंत्र में ही बनेंगी। एक्सपांसन के तहत टाउनशिप के सेक्टर-3 और सेक्टर-4 का केवल आंशिक हिस्सा ही प्रभावित होगा।
निदेशक प्रभारी ने बताया कि एक्सपांसन प्रोजेक्ट के तहत जल्द ही नई भर्तियां भी प्रारंभ होंगी। इसके साथ ही भिलाई टाउनशिप में लगभग 10 हजार नये आवासों का निर्माण किया जाना है। यह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डिस्मेंटल बिल्डिंग के स्थान और खाली जमीन पर बनाए जाएंगे। सेक्टर-6 के डिस्मेंटल आवासों को लेकर भी योजनाओं पर कार्य हो रहा है।
लीज और बाजार पर स्थिति स्पष्ट
बैठक में आश्वस्त किया गया कि टाउनशिप के बाजार उजड़ने नहीं दिए जाएंगे। बीएसपी निदेशक प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दुकानों की सामान्य दर पर लीज बढ़ाने को लेकर दिल्ली में दो बैठकें हो चुकी हैं और यह प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त, आवासों का लीज नवीनीकरण भी किया जाएगा, जिससे लीज आवासों को लेकर फैली भ्रांतियों पर भी विराम लगा है।
सेक्टर-9 अस्पताल बनेगा मेडिकल कॉलेज
सेक्टर-9 स्थित पं. जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के निजीकरण की अफवाहों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया गया। विधायक सेन ने बताया कि सेल और बीएसपी मैनेजमेंट इसे पीजीआई जैसा मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में बढ़ चुका है।
स्कूल और मैत्री गार्डन पर चर्चा
चर्चा के दौरान बीएसपी स्कूलों के रेनोवेशन वर्क को इसी शिक्षा सत्र से शुरू करने की जानकारी दी गई। साथ ही बंद स्कूलों पर भी मैनेजमेंट विचार कर रहा है। सेन ने भिलाई के मैत्री गार्डन को राज्य शासन को दिए जाने का प्रस्ताव भी बीएसपी सीईओ को दिया है, ताकि इसे एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।








