रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय दौरे के बीच राजधानी रायपुर में एक बड़ी वारदात ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी के सिविल लाइन जैसे वीआईपी इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक लुटेरों का शिकार हो गए। इस घटना के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर करारा सियासी हमला बोला है।
ये भी पढ़े:
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे कौशिक, बाइक सवारों ने छीना मोबाइल
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर राजधानी में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसी बीच बेखौफ बदमाशों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि कौशिक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार दो बदमाश आए और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
गृहमंत्री को बताया ‘निकम्मा और रीलबाज’
वीआईपी इलाके में सत्ता पक्ष के ही वरिष्ठ नेता के साथ हुई इस लूटपाट ने कांग्रेस को बैठे-बिठाए एक बड़ा मुद्दा दे दिया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा, “छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें!!!”
छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें!!!
अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री धरम लाल कौशिक जी के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए.
सोचिए जरा! जब देश के गृहमंत्री…
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) May 18, 2026
बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा, “अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। सोचिए जरा! जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय “मॉर्निंग वॉक” के दौरान ऐसी घटना कथित “सुशासन” पर तमाचा है।”
उन्होंने राज्य सरकार की खिंचाई करते हुए आगे लिखा, “विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि ‘सुशासन तिहार’ नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा। हर तरफ़ चोरी, चाकूबाज़ी, हत्या, लूटपाट की घटनाएँ चरम पर हैं। साथ ही प्रदेश के सबसे निकम्मे गृहमंत्री रीलबाजी और स्वागतबाजी में व्यस्त हैं।”
अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा
गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान वे रायपुर और बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इससे पहले शाह ने माना पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। एक तरफ डायल-112 का शुभारंभ और दूसरी तरफ वीआईपी नेता से लूट की घटना, दोनों ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है।









