जामुल में 1.5 करोड़ से बनेगा सर्व समाज मांगलिक भवन, भूमिपूजन संपन्न
OM Darpan
वार्ड 16 में होगा भव्य भवन का निर्माण, सभी समाजों के मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए मिलेगी सुविधा
जामुल। नगर पालिका जामुल के वार्ड क्रमांक 16 में करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सर्व समाज मांगलिक भवन का निर्माण किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर की मौजूदगी में भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। शासकीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही गई है।
नपा अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि नगर में अलग-अलग समाजों की ओर से अपने भवनों की मांग की जाती रही है और ऐसी मांगों को पूरा भी किया गया है। हालांकि बड़े सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बड़े भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी जरूरत को देखते हुए परिषद के सदस्यों के साथ मिलकर सर्व समाज मांगलिक भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया।
सभी समाजों के लिए होगा भवन
ठाकुर ने कहा कि डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन जामुल के सभी नगरवासियों और सभी समाजों के उपयोग के लिए होगा। यहां बड़े मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है और जरूरी शासकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद भूमिपूजन किया गया है।
नपा अध्यक्ष के अनुसार यह नगर का बड़ा और सर्वसुविधायुक्त सर्व समाज मांगलिक भवन होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है, लेकिन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देना जरूरी है, जिनसे हर वर्ग को सुविधा और लाभ मिल सके।
जनसुझाव के अनुसार जारी रहेंगे विकास कार्य
ईश्वर सिंह ठाकुर ने नगरवासियों को आश्वस्त किया कि आम जनता से मिलने वाले सुझाव, मार्गदर्शन और मांगों के अनुसार जामुल पालिका क्षेत्र में सुविधाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद खम्हन ठाकुर, रेखराम बंछोर, दीपक गुप्ता, सीमा यादव, कविता विश्वाल, रामदुलार साहू, के. राजू, चुम्मन वर्मा, अहिल्या वर्मा और शांति टंडन के साथ जामुल मंडल अध्यक्ष प्रशांत गुप्ता, पूर्व नपा उपाध्यक्ष हरीश वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, बाली बर्मन सहित गणमान्य नागरिक तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन