



दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष और कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने छत्तीसगढ़ राज्य की प्रथम राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस जम्बुरी 2024 के सफल आयोजन के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सौंपे गए दायित्वों के बेहतरीन क्रियान्वयन के लिए प्रभारी अधिकारियों, कर्मचारियों और युवोदय दुर्ग के सदस्यों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में आयोजित इस सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के विश्वास और उत्साह के दम पर ही जिला प्रशासन ने इस जम्बुरी के आयोजन का निर्णय लिया था। यह गर्व की बात है कि राज्य के इस प्रथम आयोजन में सभी जिलों के जूनियर रेडक्रॉस से संबंधित बच्चों ने हिस्सा लिया। कलेक्टर ने भविष्य में भी इसी तरह के विभागीय समन्वय और सहयोग की उम्मीद जताई और सभी को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में कलेक्टर ने जम्बुरी के दौरान दुर्ग जिले को प्राप्त ओवरऑल चैंपियन शील्ड को शिक्षा विभाग को सौंपा। राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस जम्बुरी 2024 आयोजन के नोडल अधिकारी और जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन ने जम्बुरी को सफल बनाने में सभी विभागीय अधिकारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के साथ सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।







