- 125 किमी की पदयात्रा में शामिल होंगे वरिष्ठ नेता, गांधी जयंती पर रायपुर में समापन
रायपुर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वरिष्ठ नेताओं के साथ राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। दीपक बैज ने कहा कि 27 सितंबर से परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी से रायपुर तक 125 कि.मी. की पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा गिरौदपुरी से चलकर 6वें दिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन रायपुर के गांधी मैदान में समाप्त होगी, जहां विशाल आम सभा आयोजित की जाएगी।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रतिरोध है। रोज हो रही हत्या, लूट, चाकूबाजी और डकैती की घटनाओं से आम आदमी में भय पैदा हो गया है। राज्य में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, रोज हो रही दुराचार और सामूहिक दुराचार की घटनाओं के विरोध में यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है। इसके अलावा, गिरौदपुरी के अमर गुफा में जैतखाम के साथ हुई तोड़-फोड़, बलौदाबाजार मामले में निर्दोषों की गिरफ्तारी और कांग्रेस नेताओं तथा सतनामी समाज के लोगों की रिहाई की मांग भी इस यात्रा का उद्देश्य है। कवर्धा के लोहारीडीह में साहू समाज के तीन बेटों की हत्या और प्रशांत साहू की पुलिसिया प्रताड़ना में हुई मौत की न्यायिक जांच की मांग भी शामिल है।
दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सीरियल कीलर बन गई है, जो कभी आदिवासियों, सतनामियों और साहू समाज को निशाना बनाती है। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि से यात्रा निकालने का निर्णय इसलिए लिया ताकि प्रदेश में भाईचारा, एकता और अपराधमुक्त छत्तीसगढ़ की स्थापना हो।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा सरकार ने 9 महीने में प्रदेश में अत्याचार, अनाचार, दुराचार और हत्याओं की घटनाओं को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार और कवर्धा की घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ के सतनामी समाज, साहू समाज और अन्य समाजों के बीच सौहार्द नहीं बिगड़ना चाहिए। छत्तीसगढ़ शांति का टापू रहा है और इसे शांति का टापू बनाए रखने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
यात्रा का निर्णय सामूहिक सहमति से हुआ है और इसमें पूरे प्रदेश के लोग शामिल होंगे। कांग्रेस के सभी साथी इस यात्रा में उपस्थित रहेंगे और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएंगे। साथ ही, यात्रा के दौरान जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे और न्याय की मांग करेंगे।









