- व्यवसायिक कौशल से समाज में पुनःस्थापना की तैयारी
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज दुर्ग के केंद्रीय जेल का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने कैदियों के लिए चलाए जा रहे व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जाना। निरीक्षण के दौरान, जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदियों को विभिन्न व्यवसायिक कौशल सिखाए जा रहे हैं, ताकि जेल से रिहाई के बाद वे समाज में सामान्य जीवन बिता सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
शर्मा ने कैदियों से बातचीत कर उनके अनुभव साझा किए और जेल प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की। कैदियों ने बताया कि अच्छे काम के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है, और उन्हें काम के बदले आमदनी भी प्रदान की जाती है। निरीक्षण के दौरान, विधायक गजेंद्र यादव, डोमन लाल कोरसेवाडा, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, जिला पंचायत के सीईओ अश्विनी देवांगन, डिप्टी कलेक्टर मुकेश रावटे, और सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।










