Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

धमतरी की बेटी रेणुका को राष्ट्रपति भवन से बुलावा, डिप्टी सीएम ने दी बधाई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना से प्रशिक्षण लेकर बनीं रायपुर में एचआर मैनेजर

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं को मिल रहे रोजगार के नए अवसर

धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की बेटी रेणुका गोस्वामी को आगामी 15 अगस्त के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की बेटियों और ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता बताया है।

विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन को नई दिशा दी है। आज वे अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उनका राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है।

कॉर्पोरेट जगत में गाड़ा सफलता का झंडा

सुश्री रेणुका गोस्वामी ने वर्ष 2018 में कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया और कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की। निरंतर मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य करते हुए अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे रायपुर की एक प्राइवेट फर्म में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और लगभग 40 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन प्राप्त कर रही हैं।

आत्मनिर्भरता से बदली परिवार की तस्वीर

रेणुका की इस सफलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रेणुका जैसी सफल युवतियां इस बात का प्रमाण हैं कि सही मार्गदर्शन से ग्रामीण युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं।

अब प्रदेश के युवाओं को मिलेगी नई प्रेरणा

विजय शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति भवन में रेणुका गोस्वामी की उपस्थिति प्रदेश की बेटियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी। यह गौरवपूर्ण क्षण अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगा। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर युवा कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बने और देश के विकास में अपना योगदान दे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow