-
26 मई 2014 को लोकतंत्र के ऐतिहासिक दिन के रूप में किया गया याद
-
डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा
-
संगठन की मजबूती और बूथ सशक्तिकरण के लिए कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
बिलासपुर (ओम दर्पण न्यूज)।
भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर ग्रामीण कार्यालय में जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
ऐतिहासिक परिवर्तन और विकास की यात्रा
बैठक के दौरान वक्ताओं ने 26 मई 2014 के दिन को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया। चर्चा में कहा गया कि जब देश निराशा, अनिश्चितता और दिशाहीनता के दौर से गुजर रहा था, तब करोड़ों भारतीयों ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया। पिछले 12 वर्षों में भारत ने डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भरता, जनकल्याण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है।
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का संकल्प
बैठक में ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूँगा, मैं देश नहीं झुकने दूँगा’ के संकल्प को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा केवल एक सरकार की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों और परिश्रम की है। ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष — विकसित भारत के संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा’ के तहत सभी कार्यकर्ताओं को जनकल्याणकारी नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का लक्ष्य दिया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और समर्पित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










