-
सीएम हाउस में हुआ राजनांदगांव की बेटी का भव्य स्वागत और अभिनंदन
-
53 किलो भारोत्तोलन में 199 किलो वजन उठाकर देश का गौरव बढ़ाया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है। ज्ञानेश्वरी ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया।
बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि ज्ञानेश्वरी ने 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता राज्य के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
साय ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर परिश्रम के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। ज्ञानेश्वरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत साबित होगी कि मेहनत ईमानदार हो तो मंजिल दूर नहीं रहती।
अब बनेगा बेहतर खेल वातावरण
प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक अधोसंरचना, प्रशिक्षण और कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
उल्लेखनीय है कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। भविष्य में राज्य के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक और एशियाई खेलों में तिरंगा लहराएं, इसके लिए सरकार हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराएगी।









