शाला प्रवेश उत्सव में उमड़ा उत्साह, विधायक ने दी रिक्त पदों पर शीघ्र भरती के निर्देश
OM Darpan
ननकटठी (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।
ग्राम ननकटठी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों का उत्साह देखते ही बनता था।
मुख्य अतिथि की उपस्थिति से बढ़ा उत्साह
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य प्रतिभा देवांगन, ग्राम सरपंच सुशील साहू, सांसद प्रतिनिधि प्रेमलाल नायक, उपसरपंच रवि कुमार साहू, एसएमडीसी अध्यक्ष अनिल यादव, विद्यालय विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल तिवारी, ग्राम के पंडित चंपेश कृष्ण महाराज, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और ग्रामवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

शिक्षा को लेकर प्रेरणादायी संदेश
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 9वीं और 10वीं का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि यहीं से भविष्य की दिशा तय होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिसने इस वर्ष 88% अंक प्राप्त किए हैं, उसे अगले वर्ष 95% का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने प्रेरणा दी कि प्रयासों से कभी संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि हमेशा कुछ नया सीखने की ललक होनी चाहिए।
नारी शक्ति का सशक्त उदाहरण
अपने उद्बोधन में उन्होंने नारी शक्ति का उल्लेख करते हुए बताया कि दुर्ग से चली पहली वंदे भारत ट्रेन की संचालन एक महिला लोको पायलट ने किया था, जो बेटियों की बढ़ती उपलब्धियों का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों को कभी हतोत्साहित न होने और ऊँचे लक्ष्य रखने की सलाह दी।
शिक्षकीय रिक्त पदों पर गंभीर पहल
विद्यालय की प्राचार्या ने शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विधायक ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से तुरंत दूरभाष पर चर्चा की और त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देश भी दिए।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया और नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया।
सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध प्रयास
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा व्यवस्था की मजबूती हेतु सतत प्रयास जारी रहेंगे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन