कोच्चि।
कोच्चि से अबूधाबी जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स-415 की तकनीकी खराबी के कारण कोच्चि हवाई अड्डे पर सुरक्षित वापसी हुई। उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद जब विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तब पायलटों ने एक इंजन में ईंधन की मात्रा तेजी से कम होते देखी।
इंजन में तेल का दबाव खतरनाक स्तर तक पहुंचने पर पायलटों ने प्रभावित इंजन को बंद कर दिया और विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद तकनीकी दल ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, विमान में सवार यात्रियों और चालक दल की संख्या स्पष्ट नहीं है।
3 दिन में तीसरी घटना
इससे पहले 3 सितंबर को वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ और 2 सितंबर को गोवा-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट की इंजन खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने विमानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









