- प्रेम प्रसंग का संदेह, मोबाइल की जांच जारी
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)
शहर के गांधीनगर थाना अंतर्गत डिगमा इलाके में किराए के मकान में रह रही इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बिलासपुर निवासी 22 वर्षीय अंकिता जोशी, जो इंजीनियरिंग कॉलेज की थर्ड इयर की छात्रा थी, शुक्रवार की दोपहर अपने पड़ोस में रहने वाले जूनियर छात्र से कुर्सी मांगकर अपने कमरे में चली गई। देर शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो अन्य छात्रों ने देखा कि उसकी लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी।
मौके पर पहुंची गांधीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत होता है क्योंकि पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त किया है और उसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शनिवार को अंकिता के परिजन अंबिकापुर पहुंचे। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है।









