-
तेली कर्मा सेना ने किया वरिष्ठजनों का सम्मान
महासमुंद / लाफिन खुर्द।
महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लाफिन खुर्द में राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामुदायिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक और भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज के बुजुर्गों को शॉल, गमछा और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
संस्कार और अनुभव की पाठशाला हैं बुजुर्ग
समारोह को संबोधित करते हुए अशवंत तुषार साहू ने कहा कि किसी भी समाज में नई पीढ़ी को सुसंस्कृत बनाने में बुजुर्गों का योगदान सबसे अहम होता है। बुजुर्गों के पास जीवन का लंबा अनुभव होता है, जो युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का काम करता है। उन्होंने कहा कि आज की भावी पीढ़ी बुजुर्गों के इन्हीं अनुभवों और सीख को आत्मसात कर नई सोच के साथ विकास की ओर अग्रसर हो रही है।
हर दिन मिले मान-सम्मान
साहू ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि बुजुर्गों का सम्मान केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए। हमें उन्हें हर दिन उचित मान-सम्मान देना चाहिए ताकि उनके अनुभवों का लाभ समाज को निरंतर मिलता रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और समाज के लोग उपस्थित थे।








