रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने महर्षि वेद व्यास जयंती के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि महर्षि वेद व्यास भारतीय ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के महान स्तंभ हैं। उनकी शिक्षाएं सदियों से समाज का मार्गदर्शन करती आ रही हैं।
मानवता को दी अमूल्य धरोहर
वित्त मंत्री ने महर्षि वेद व्यास के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वेदों के संकलन, महाभारत की रचना तथा अठारह पुराणों के प्रणयन के माध्यम से उन्होंने मानव समाज को अमूल्य ज्ञान की धरोहर प्रदान की है। उनके विचार आज भी समाज को सत्य, धर्म, ज्ञान और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देते हैं।
नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि महर्षि वेद व्यास का जीवन हमें ज्ञान के महत्व, नैतिक मूल्यों और लोककल्याण की भावना को आत्मसात करने का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढि़यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से महर्षि वेद व्यास के आदर्शों का अनुसरण करते हुए ज्ञान, संस्कार और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की।








