शहरों को हरा-भरा बनाने सरकार ने झोंकी ताकत, नगरीय निकायों को मिले सघन वृक्षारोपण के कड़े लक्ष्य राज्य शासन ने नगरीय निकायों को हरा-भरा बनाने और प्रदेश में हरियाली का दायरा बढ़ाने के लिए चालू मानसून सीजन में वृक्षारोपण का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में मंत्रालय से प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के लिए विशेष परिपत्र जारी कर दिया है। शासन का मुख्य जोर सघन वृक्षारोपण पर है, ताकि शहरी इलाकों में पर्यावरण संतुलन को और बेहतर बनाया जा सके।
निगमों और पंचायतों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय
विभाग की ओर से जारी परिपत्र में राज्य के सभी नगर निगमों के आयुक्तों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीओ) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित मापदंडों के अनुसार, प्रत्येक नगर निगम में न्यूनतम 10 हजार, नगर पालिका क्षेत्र में 5 हजार और नगर पंचायत स्तर पर कम से कम 500 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर इन लक्ष्यों को मानसून के दौरान ही पूरा करने को कहा है।
नोडल अधिकारियों के संज्ञान में होगा पूरा परीक्षण
सघन वृक्षारोपण अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नियुक्त जिला नोडल अधिकारियों को कमान सौंपी गई है। पौधारोपण का पूरा कार्य इन अधिकारियों के संज्ञान और परीक्षण में ही संपन्न होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वृक्षारोपण कार्य की वास्तविक प्रगति रिपोर्ट जिला नोडल अधिकारियों के माध्यम से ही संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास को भेजी जाएगी। इसकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।








