दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग-भिलाई के 17 वरिष्ठ नागरिक समितियों के प्रतिनिधियों के साथ विधायक गजेंद्र यादव ने संवाद किया। जिला पंचायत के सभागार में आयोजित इस बैठक में सीनियर सिटीजन ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने शासन की नीतियों की जानकारी देते हुए अपने अनुभव साझा किए और बुजुर्गों से अपील की कि वे परिवार और समाज को जोड़ने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस संवाद में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर सीधा ध्यान दिया गया, जिससे बुजुर्गजन काफी प्रसन्नचित हुए। विधायक ने इस अवसर पर कहा, “आपके अनुभव और आशीर्वाद से हमें सफलता मिलती है। आधुनिकता की चकाचौंध में परिवार का महत्व कम न हो, इसके लिए बुजुर्गों को समाज और परिवार में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”
सीनियर सिटीजन के साथ सार्थक चर्चा
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दुर्ग-भिलाई के 17 ज्येष्ठ नागरिक मंच के 36 प्रतिनिधियों के साथ विधायक गजेंद्र यादव ने समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। बुजुर्गों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं। विधायक ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए टेबल-कुर्सी और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में समय देकर समाज को दिशा देने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा, “घर के बड़े बुजुर्गों के आशीर्वाद से हमें सफलता मिलती है। हमें अपने परिवारों को आर्थिक सफलता की दौड़ में दूर जाने से रोकने के लिए युवाओं को प्रेरित करना चाहिए।”
समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जिनके बच्चे उन्हें छोड़ चुके हैं, उनके लिए सरकार को विशेष नीति बनानी चाहिए। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में बुजुर्गों को अपने आप को अकेला महसूस होता है। कई बुजुर्गों ने कहा कि उनके बच्चे नौकरी के सिलसिले में बड़े शहरों या विदेश चले गए हैं, जिससे बुजुर्ग दंपत्ति अकेले रह जाते हैं। ऐसे में इलाज और अन्य कार्यों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक गजेंद्र यादव की पहल पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक अमित परिहार ने इस संवाद की शुरुआत के लिए बधाई दी।







