-
गवर्नर मॉरा हेली ने नागरिकों से आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने का किया आह्वान
-
मेयर मिशेल वू ने भारतीय वाणिज्य दूतावास के नए कार्यालय का किया स्वागत
बोस्टन। अमेरिका के मैसाचुसेट्स की गवर्नर मॉरा हेली ने राज्य में 15 अगस्त को ‘इंडिया डे’ घोषित किया है। गवर्नर ने राज्य के नागरिकों से इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया है। एक अगस्त को जारी सरकारी आदेश में कहा गया कि सामुदायिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी गतिविधियों के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बोस्टन की मेयर मिशेल वू ने भी इसी तरह की घोषणा करते हुए 15 अगस्त को ‘इंडिया डे’ घोषित किया है। उन्होंने बोस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के नए कार्यालय के उद्घाटन का स्वागत किया। साथ ही ‘सेलबोस्टन-250’ कार्यक्रम में भारतीय नौसैनिक पोत आईएनएस सुदर्शिनी के आगमन पर हर्ष व्यक्त किया।
भारतीय प्रवासियों के योगदान को सराहा
सरकारी आदेश के अनुसार, अमेरिका में भारतीय मूल के 50 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं, जो देश के सामाजिक, आर्थिक और नागरिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मैसाचुसेट्स में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने चिकित्सा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और लोकसेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक समृद्धि बढ़ी है।
विविधता में एकता की मिसाल
आदेश में कहा गया है कि भारत एक बहुआयामी सभ्यता वाला देश है, जो कई जातीय समूहों, धर्मों, भाषाओं और परंपराओं की अद्भुत विविधता के बावजूद अपनी मूलभूत एकता को बनाए रखे हुए है। भारतीय मूल के 3.6 करोड़ से ज्यादा लोग दुनिया के विभिन्न देशों में रहकर अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
79वीं वर्षगांठ और भविष्य की तैयारी
गवर्नर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि 15 अगस्त 2026 को भारत की आजादी की 79वीं वर्षगांठ होगी, जिसने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की नींव रखी। यह घोषणा भविष्य में भारत और अमेरिका के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।








