दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
ग्राम पंचायत करंजा भिलाई में 02 अक्टूबर 2024 को ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। पंचायती राज अधिनियम 1993 की धारा-6 के अनुसार, प्रत्येक ग्राम में तीन मास में कम से कम एक ग्राम सभा का सम्मेलन अनिवार्य है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा के आयोजन के लिए एक समय सारणी तैयार की है, जिसमें अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
इस सभा में पहले की बैठक में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन पर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। पंचायतों के पिछले तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति का वाचन किया गया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों की रोजगार मांग और उपलब्ध रोजगार की स्थिति की समीक्षा भी की गई।
सामाजिक सहायता कार्यक्रमों में संचालित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया गया, और आवश्यक व्यक्तियों के लिए वितरित खाद्यान्न का वाचन किया गया। जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण से संबंधित मामलों का निराकरण और प्रमाण पत्रों का वितरण भी चर्चा का विषय रहा।
सड़कों पर आवारा एवं पालतू मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से रोकने हेतु प्रभावी उपायों पर विचार किया गया। इसके साथ ही, ग्राम पंचायत विकास योजना की ड्राफ्ट कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इस दौरान, 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2024 तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत साफ-सफाई और जनभागीदारी के विषय में भी चर्चा की गई। ग्राम सभा में लगभग 150 लोगों को श्रीफल शाल देकर सम्मानित किया गया।
ग्राम सभा में उपस्थित रहे: शिक्षक मदन शर्मा, यशवंत पटेल, अवध पटेल, शिव महराज, मोती साहू, कृपाराम साहू, फगुवा ठाकुर, कृपाल पटेल, अंकालू निषाद, गंगा साहू, पूर्व सरपंच उषा साहू, उप सरपंच रोहित निषाद, सभी पंचगण और समस्त ग्रामीणजन।










