- FIR लिखने में गृहमंत्री का दबाव, पुलिस को नहीं करने दे रहे काम: बैज
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गृहमंत्री विजय शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बैज का कहना है कि गृहमंत्री पुलिस पर दबाव बनाकर कानून को अपनी मर्जी के मुताबिक चला रहे हैं। बुधवार को साइंस कॉलेज में ABVP और NSUI के छात्रों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने ABVP की FIR तुरंत दर्ज कर ली, लेकिन NSUI की FIR गृहमंत्री के दबाव के कारण देर रात तक नहीं लिखी गई। पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहने के बाद पुलिस ने दबाव में आकर NSUI की FIR दर्ज की।
बैज ने कहा, “विजय शर्मा कानून को कठपुतली की तरह नचाना चाहते हैं। वे अपराधियों को संरक्षण देकर पुलिस को अपना काम नहीं करने दे रहे हैं।” उनके अनुसार, गृहमंत्री ने मीडिया में झूठ फैलाया कि FIR पहले ही दर्ज हो गई थी, जबकि ऐसा नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री विजय शर्मा अपराधियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और प्रदेश की कानून व्यवस्था को कमजोर बना रहे हैं।
इस पूरे मामले की शुरुआत साइंस कॉलेज में सदस्यता अभियान के दौरान हुई थी, जहां ABVP और NSUI के छात्रों के बीच मारपीट हुई। हालांकि, पुलिस ने केवल ABVP की शिकायत दर्ज की और NSUI की शिकायत को नजरअंदाज कर दिया। इस पर NSUI कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की।
दीपक बैज ने कहा, “गृहमंत्री अपराधियों को बचाने के लिए पीड़ितों की FIR दर्ज नहीं होने दे रहे। प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद लचर हो चुकी है। हत्या, बलात्कार, लूटपाट जैसी घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं। आम जनता और पीड़ित डरे हुए हैं और पुलिस भी गृहमंत्री के दबाव में काम कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “गृहमंत्री अपनी नाकामी छिपाने के लिए पुलिस को दबाव में रख रहे हैं। सरस्वती नगर थाने में FIR दर्ज करने के लिए हमें 5 घंटे तक धरने पर बैठना पड़ा। यह दिखाता है कि आम जनता के साथ क्या हो रहा होगा।”









