डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग से पूछा क्या चीन खरीदेगा अमेरिकी हथियार
OM Darpan
अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू ने फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में किया चौंकाने वाला खुलासा
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान कथित तौर पर चीन को अमेरिकी हथियार बेचने की पेशकश की है। चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू ने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में यह सनसनीखेज दावा किया है कि ट्रंप ने शी जिनपिंग से पूछा कि क्या चीन अमेरिका से हथियार खरीदना चाहेगा। इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में हलचल तेज हो गई है।
राजदूत डेविड पर्ड्यू का बड़ा दावा
पर्ड्यू ने साक्षात्कार में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अक्सर यह बात दोहराते हैं कि अमेरिका दुनिया के कई देशों को हथियारों की आपूर्ति करता है। इसी दौरान एक अवसर पर उन्होंने शी जिनपिंग से भी पूछ लिया कि क्या वह कुछ अमेरिकी हथियार खरीदना चाहेंगे। हालांकि राजदूत ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने यह सवाल किस तिथि या बैठक में पूछा था और इस पर शी जिनपिंग की क्या प्रतिक्रिया रही। यह बयान ऐसे समय में आया है जब ताइवान मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच पहले से ही भारी तनाव बना हुआ है।
ताइवान को लेकर गहराया विवाद
वर्तमान में ट्रंप प्रशासन के सामने ताइवान के लिए प्रस्तावित करीब 14 अरब डॉलर के हथियार पैकेज को मंजूरी देने का महत्वपूर्ण मुद्दा है। अमेरिका लंबे समय से ताइवान को हथियारों की आपूर्ति करता रहा है, जबकि चीन इसका लगातार कड़ा विरोध करता है। बीजिंग का तर्क है कि ताइवान को हथियारों की बिक्री उसकी क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है, वहीं अमेरिका का कहना है कि ताइवान को अपनी आत्मरक्षा की क्षमता बनाए रखने के लिए रक्षा उपकरण उपलब्ध कराना उसकी निर्धारित नीति का हिस्सा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने दी सफाई
डेविड पर्ड्यू के इस बयान के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि चीन को हथियार बेचने की कोई योजना या आधिकारिक प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी कानून चीन को हथियारों की बिक्री पर सख्त रोक लगाता है और बीजिंग को हथियार बेचने का कोई भी प्रस्ताव मौजूद नहीं है। फिलहाल पूरे मामले में चीन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन बीजिंग पूर्व में भी अमेरिकी रक्षा सौदों पर कड़ी आपत्ति जता चुका है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन