मिड-एयर टेरर : कॉकपिट में हमला, 14 हजार फीट गिरा प्लेन: भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने दरवाजा खोल बचाई 174 जानें
OM Darpan
रियाद/यरूशलम/नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के भीतर हुई हिंसक झड़प के बाद बोइंग 737 मैक्स 8 विमान अचानक बेकाबू होकर 30 सेकंड से भी कम समय में करीब 14,000 फीट नीचे आ गया। इस जानलेवा संकट के बीच भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अदम्य साहस का परिचय देते हुए 174 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बचा ली। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंड कराया गया है। घटना के बाद फ्लाईदुबई ने जांच पूरी होने तक इजरायल की सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया है।
ओमानी को-पायलट ने किया हमला, 14 हजार फीट गिरा विमान
इजरायली अधिकारियों के अनुसार कॉकपिट में मौजूद ओमानी नागरिक को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इस दौरान कॉकपिट के भीतर हिंसक झड़प हुई और हमलावर विमान के सिस्टम खराब करने लगा, जिससे प्लेन टेलस्पिन में जाकर तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा।
चोट के बावजूद खोला कॉकपिट का दरवाजा
विमान के गिरते ही कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर यात्री उस ओर भागे। इजरायल लौटने पर यात्री यानिव ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। यानिव के मुताबिक चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार गिरने से पहले कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। दरवाजा खुलते ही यात्री और क्रू मेंबर्स अंदर घुसे और कंट्रोल तोड़ने की कोशिश कर रहे हमलावर को काबू में किया। इसके बाद फ्लाइट में सफर कर रहे दूसरे पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभालकर उसे स्थिर किया और सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
नेतनयाहू बोले- कैप्टन ने टाला बड़ा हादसा, बेन गुरियन एयरपोर्ट पर सम्मान की तैयारी
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा कि वे कैप्टन स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर चोटों के बाद भी कैप्टन लड़ते रहे, जिससे इजरायली नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बची।
इजरायली राजनेता और पूर्व पुलिस अधिकारी अलमोग कोहेन ने कैप्टन मच्छार को इजरायल का हीरो बताते हुए कहा कि अगली नेसेट (इजरायली संसद) बैठक में बेन गुरियन एयरपोर्ट के किसी लाउंज का नाम कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में रखने के लिए विधेयक पेश किया जाएगा। कोहेन ने कैप्टन के माता-पिता के संस्कारों की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
भारत सरकार और इजरायली विदेश मंत्रालय ने जताया आभार
भारत में इजरायल के राजदूत ने कैप्टन को अनुभवी हीरो बताते हुए कहा कि उनके साहस और यात्रियों के सहयोग से 180 लोगों की जान बची। भारत सरकार ने भी बयान जारी कर कैप्टन के साहस की सराहना की। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय, इजरायली और अमीराती- अलग देश हैं लेकिन उनका साहस एक है।
उधर, इजरायल एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ने कैप्टन स्मित मच्छार और राहत उड़ान के पूरे क्रू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन