Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

पॉवर कंपनीज लॉन टेनिस: टीम इवेंट में कोरबा पश्चिम चैंपियन, फाइनल में मेजबान दुर्ग को हराया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

  • सिविक सेंटर में तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आगाज

  • 5 रीजन की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

भिलाई/दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता (2025) का सोमवार को भिलाई के सिविक सेंटर स्थित लॉन टेनिस कॉम्प्लेक्स में आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन टीम इवेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें कोरबा पश्चिम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान दुर्ग क्षेत्र को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, दुर्ग की टीम उपविजेता रही।

केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न रीजन की पांच टीमें हिस्सा ले रही हैं।

रोमांचक रहे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

  • पहला सेमीफाइनल (ग्रुप ए): रायपुर रीजन और कोरबा वेस्ट के बीच खेला गया। इसमें कोरबा वेस्ट ने 2-0 से जीत दर्ज की। सुनील सिंह ने तरुण ठाकुर को 6-1 से और विकल्प तिवारी ने शेखर वर्मा को 6-0 से एकतरफा मुकाबले में हराया।

  • दूसरा सेमीफाइनल (ग्रुप बी): दुर्ग रीजन और रायपुर सेंट्रल के बीच हुआ। दुर्ग रीजन ने रायपुर सेंट्रल को 2-0 से मात दी। अरुण साहू ने महेंद्र सिंह चौहान को 6-2 से और पी.एल. माहेश्वरी ने अनुराग शर्मा को 6-1 से पराजित किया।

  • अन्य मैच: इससे पहले ग्रुप बी के एक मैच में रायपुर सेंट्रल ने बिलासपुर को 2-0 से हराया था।

टीम इवेंट के फाइनल में कोरबा पश्चिम और दुर्ग क्षेत्र आमने-सामने थे, जहां कोरबा पश्चिम ने बाजी मारी।

तनाव दूर करते हैं खेल: मेश्राम

इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के सचिव एच.के. मेश्राम और भिलाई स्टील प्लांट के उपमहाप्रबंधक (क्रीड़ा) व ओलंपियन राजेंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि एच.के. मेश्राम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा ऐसे आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों का तनाव दूर करना है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी समझ और भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी विजेता होता है, कोई दिल जीतता है तो कोई ट्रॉफी।

टीम भावना से खेलने की अपील

विशिष्ट अतिथि और अर्जुन अवॉर्डी राजेंद्र प्रसाद ने खिलाड़ियों को टीम भावना, नई ऊर्जा और उत्साह के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोटिया, एम.एस. चौहान, ईसीजीआरएफ दुर्ग रीजन के चेयरमेन पी.वी. सजीव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, भिलाई स्टील प्लांट के स्पोर्ट्स ऑफिसर अभिजीत भौमिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

17 दिसंबर को होगा समापन

मेजबान दुर्ग क्षेत्र, कोरबा पश्चिम, रायपुर केंद्रीय, रायपुर क्षेत्र और बिलासपुर क्षेत्र के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 17 दिसंबर को शाम 4 बजे लॉन टेनिस कॉम्प्लेक्स, सिविक सेंटर भिलाई में होगा।

news paper editing
previous arrow
next arrow