-
पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता एवं न्याय का आश्वासन
कबीरधाम (लोहारीडीह)।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा शनिवार को कबीरधाम जिले के लोहारीडीह पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक भावना बोहरा और साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मृतक प्रशांत साहू के घर पहुँचकर उनकी मां से मुलाकात की और राज्य सरकार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने स्वर्गीय प्रशांत साहू की मां को दस लाख रुपए का चेक सौंपा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीणों से भी इस दुखद घटना की जानकारी ली और कहा, “आज हम सब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लोहारीडीह आए हैं। हमने गांववालों, समाज के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों के साथ मृतकों शिव प्रसाद साहू, रघुनाथ साहू और प्रशांत साहू के घर पहुँचकर उनके परिजनों तथा पड़ोसियों से भेंट कर अपनी संवेदना व्यक्त की।”
साव ने आगे कहा, “लोहारीडीह की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी गहरी संवेदना और दुःख प्रकट किया है। उन्होंने घटना की हर पहलुओं की बारीकी तथा पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच के निर्देश दिए हैं। हमने मृतक रघुनाथ साहू के घर पहुंचकर आगजनी में जले उसके घर का मुआयना किया और मृतक शिव प्रसाद के बच्चों और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी है। इस मामले की हर पहलू की जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी लोहारीडीह में ग्रामीणों से मुलाकात की और कहा, “लोहारीडीह की घटना अत्यंत दुःखद है। पीड़ित परिवारों के साथ सरकार संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। मैं भी इस क्षेत्र के विधायक के रूप में पीड़ित परिवारों के साथ एक अभिभावक के रूप में सदैव रहूंगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटनाक्रम की पूरी निष्पक्षता से जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।”
विजय शर्मा ने गांववालों से अपील की कि लोहारीडीह की घटना के संबंध में किसी भी प्रकार का भ्रम और अफवाह नहीं फैलाएं। प्रशासन द्वारा लोहारीडीह में ग्रामीणों के घरों में सूखा राशन, दाल, तेल, आलू, सोयाबीन बड़ी सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियों के पैकेट का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में स्थिति सामान्य होते तक विशेष ध्यान देने की जरूरत है।









