मैनपुरा (पंडरिया)।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए स्थानीय विधायक भावना बोहरा ने ग्राम मैनपुरा में बहुप्रतीक्षित विकास परियोजना की आधारशिला रखी। विधायक ने शनिवार को मैनपुरा हरिनाला पर बनने वाले पुल का विधिवत भूमिपूजन किया। 92 लाख 95 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
बारिश में बंद नहीं होगी राह
भूमिपूजन समारोह के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस पुल के निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। विशेष रूप से बरसात के मौसम में हरिनाला नदी में पानी बढ़ने से आवागमन बाधित हो जाता था, लेकिन अब पुल बन जाने से यह रास्ता सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात को सुधारेगी, बल्कि क्षेत्र की समग्र सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगी।
गांव-गांव तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव और नगर-नगर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का सटीक क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के खुलेंगे द्वार
विधायक बोहरा ने बताया कि मैनपुरा हरिनाला पुल का निर्माण केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास की धुरी बनेगा। सुगम आवागमन से छात्रों को स्कूल-कॉलेज जाने में, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँचने में और युवाओं को रोजगार के अवसरों तक जुड़ने में आसानी होगी। इसके अलावा, स्थानीय व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
जनता ने जताया आभार
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, कार्यकर्ता, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने विधायक भावना बोहरा की सक्रियता और विकास कार्यों के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। विधायक ने प्रशासन और जनता के सहयोग से पुल निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया और ग्रामीणों से अपील की कि वे परियोजना की सुरक्षा और सुचारू संचालन में अपना सहयोग दें।









