सीतापुर (सरगुजा)। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के केरजू चौकी अंतर्गत कुनमेरा गांव में तीन नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षिका के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर का छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शिक्षिका को जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी, मोबाइल और जेवरात लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ढोढ़ागांव हाई स्कूल में पदस्थ लेक्चरर एलबी दिव्याकांता तिर्की कुनमेरा निवासी टंकेश्वर यादव के घर किराए के मकान में रहती हैं। 7 फरवरी की रात शिक्षिका घर पर अकेली थीं।
छप्पर तोड़कर घर में घुसे बदमाश
रात करीब डेढ़ बजे, तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर का छप्पर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसकर उन्होंने अलमारी खोली, जिससे शिक्षिका की नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे दी। डर के मारे शिक्षिका चुप हो गईं, जिसके बाद बदमाशों ने ₹3500 नकद, मोबाइल, सोने के टॉप्स, दो जोड़ी पायल और दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद शिक्षिका ने अपने पति के घर लौटने पर पुलिस को सूचना दी। अगले दिन केरजू चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।










