गांव के चौक में दरिंदगी
भाटापारा।
छत्तीसगढ़ के भाटापारा जिले में खनिज माफियाओं की दबंगई एक बार फिर सामने आई है। गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरीडीह में एक युवक को सिर्फ इस शक में कि वह माइनिंग वालों की मुखबिरी कर रहा है, गांव के चौक में खंभे से बांधकर बुरी तरह पीटा गया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित युवक परमेश्वर साहू ने गिधौरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परमेश्वर ने आरोप लगाया कि खनिज से जुड़े लोगों ने उसे मुखबिर समझकर मारपीट की। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी और पुलिस की प्रतिक्रिया
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश में विशेष टीम बनाई गई है। अब तक चार आरोपियों –
-
गया पटेल
-
दिलहरण कश्यप
-
केवल केंवट
-
यशवंत पटेल
को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम खपरीडीह के निवासी हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि बाकी दो आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
सवालों के घेरे में कानून व्यवस्था
यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे खनिज माफिया अपने शक के आधार पर कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं। गांव के बीचोबीच एक युवक को खंभे से बांधकर मारना न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि समाज में डर और असुरक्षा का वातावरण भी पैदा करता है।









