दिल्ली से बेंगलुरु जा रही ट्रेन से 5.7 किलो क्रिस्टल मेथ बरामद, तस्कर गिरफ्तार
OM Darpan
मंगलुरु। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की मंगलुरु क्षेत्रीय इकाई ने 8-9 अक्टूबर को खुफिया सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.753 किलोग्राम मादक पदार्थ मेथामफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) जब्त किया है। इस मामले में दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे एक भारतीय नागरिक को ट्रेन से गिरफ्तार किया गया है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहा था ड्रग्स
डीआरआई की टीम ने जब ट्रेन में इस संदिग्ध यात्री के ट्रॉली बैग की गहन तलाशी ली, तो उसमें से तीन पैकेट बरामद हुए। इनमें सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था, जिसके मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। आरोपी को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
20 साल तक की हो सकती है सजा
मेथामफेटामाइन एक बेहद खतरनाक और लत लगाने वाला कृत्रिम मनोउत्तेजक पदार्थ है, जो सीधे तंत्रिका तंत्र पर असर डालता है। एनडीपीएस एक्ट के तहत इस मादक पदार्थ की अधिसूचित वाणिज्यिक मात्रा मात्र 50 ग्राम है, जबकि पकड़ी गई खेप इससे कई गुना अधिक (5.753 किलो) है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी के जुर्म में 10 से 20 वर्ष तक के कठोर कारावास और 1 लाख से 2 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन