डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 11.50 करोड़ का विदेशी सोना जब्त और सरगना समेत 6 गिरफ्तार
OM Darpan
कोलकाता। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बांग्लादेश के रास्ते होने वाली सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 8-9 अक्टूबर को पूर्वी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियानों में 11.50 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का करीब 7.8 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है। सड़क और रेल नेटवर्क से हो रही इस तस्करी के आरोप में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डंकुनी टोल प्लाजा पर पकड़ा गया मास्टरमाइंड
डीआरआई कोलकाता की टीम ने डंकुनी टोल प्लाजा पर एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। इसमें से लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की 50 सोने की छड़ें (करीब 6.8 किलोग्राम) बरामद हुईं। यह वाहन बांग्लादेश सीमा के पास बानपुर से कोलकाता आ रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी की बात कबूल की है। गिरफ्तार किए गए चार लोगों में इस गिरोह का मुख्य सरगना भी शामिल है।
मालदा और एनजेपी स्टेशन पर भी कार्रवाई
इसी दिन पश्चिम बंगाल में मालदा टाउन और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों से उतर रहे दो यात्रियों को पकड़ा गया। इनके पास से 1.5 करोड़ रुपये कीमत का 1 किलो विदेशी सोना (चूड़ियों और छड़ों के रूप में) जब्त हुआ। जांच में सामने आया कि यह सोना त्रिपुरा बॉर्डर से लाया गया था।
डीआरआई के अनुसार, तस्कर सीमावर्ती इलाकों से कोलकाता जैसे प्रमुख बाजारों तक सोना पहुंचाने के लिए सड़क और रेल मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसे संगठित नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन