2029 में कांग्रेस की लगातार चौथी हार तय, बहाने बनाने के बजाय आत्म-मंथन करें राहुल गांधी... अमित शाह का तीखा हमला
OM Darpan
नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। शाह ने दावा किया है कि 2029 के आम चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा, जबकि कांग्रेस को लगातार चौथी करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी हार का ठीकरा 'एसआईआर' या किसी नई नीति पर फोड़ने को पूरी तरह बेमानी करार दिया।
राहुल के आने के बाद से शुरू हुआ पतन
गृह मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि एसआईआर तो 2024 के बाद लागू हुआ है, लेकिन कांग्रेस तो राहुल गांधी के राजनीति में कदम रखने के बाद से ही लगातार चुनाव हार रही है। उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक पतन का ऐतिहासिक आंकड़ा देते हुए कहा कि पार्टी त्रिपुरा में पिछले 33 सालों से, पश्चिम बंगाल में 54 सालों से और गुजरात में 41 सालों से अपना मुख्यमंत्री तक नहीं बना पाई है। शाह ने राहुल से सीधा सवाल किया कि क्या दशकों पुरानी यह हार भी एसआईआर का ही नतीजा है?
घुसपैठियों को बचाने की चाल समझ चुकी है जनता
अमित शाह ने राहुल गांधी को आगाह किया कि देश की जनता एसआईआर की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की उनकी सोची-समझी रणनीति को अब भली-भांति समझ चुकी है। जनता अब उनकी किसी चाल में नहीं फंसने वाली है और मजबूती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व एनडीए के साथ खड़ी है। उन्होंने उन तर्कों को भी सिरे से खारिज कर दिया जिनमें हार के लिए वोटिंग मशीनों को दोष दिया जाता है। शाह ने स्पष्ट किया कि हाल ही में कई चुनाव बैलेट पेपर से भी हुए हैं, वहां भी चुनाव परिणाम कांग्रेस के खिलाफ ही रहे हैं।
स्थानीय निकायों में दिखा भाजपा का दबदबा
हालिया पंचायत और निकाय चुनावों के आंकड़ों का हवाला देते हुए शाह ने इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा सबक बताया। उन्होंने बताया कि राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने 90 प्रतिशत नगर निगमों और 65 प्रतिशत नगर पालिकाओं पर कब्जा जमाया है, जबकि आम आदमी पार्टी की 85 प्रतिशत से अधिक वार्डों में जमानत जब्त हो गई। त्रिपुरा के ग्राम समिति चुनावों में एनडीए ने 77.5 प्रतिशत वोट शेयर के साथ लगभग 4,000 सीटें जीतीं, वहीं कांग्रेस बमुश्किल 14 सीटों पर सिमट गई।
उपचुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी अपना खाता तक नहीं खोल पाई। दूसरी तरफ, नौगांव में भाजपा उम्मीदवार ने 1,42,000 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की और नंदीग्राम में पार्टी को 76 प्रतिशत बंपर वोट मिले।
गुजरात में भाजपा का शानदार प्रदर्शन जारी
गुजरात के तीन नगर पालिकाओं और नगर निगमों के चुनाव में भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। यहां 104 में से 90 सीटें भाजपा की झोली में गईं। गांधीनगर नगर निगम में भाजपा ने 44 में से 38 सीटें जीतकर अपना वोट शेयर 10 प्रतिशत तक बढ़ाया, जबकि आम आदमी पार्टी के सभी 32 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। शाह ने अपने बयान के अंत में स्पष्ट किया कि राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक विफलताओं के लिए नीतियों को दोष देने के बजाय अब गंभीरता से आत्म-मंथन करने की जरूरत है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन