जोधपुर में भारत-जापान का वीर गार्जियन अभ्यास संपन्न
OM Darpan

दोनों देशों के वायु सेना प्रमुखों ने स्वदेशी तेजस उड़ाकर परखी ताकत
जोधपुर। भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल (जेएएसडीएफ) के बीच जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर आयोजित वायु रक्षा अभ्यास 'वीर गार्जियन-2026' संपन्न हो गया है। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों वायु सेनाओं के बीच रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करना और अंतर-संचालनीयता को बढ़ावा देना रहा।
तेजस और राफेल ने दिखाया दम
अभ्यास के दौरान भारतीय वायु सेना ने सुखोई-30 एमकेआई, राफेल और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस के साथ अपनी युद्धक क्षमता का प्रदर्शन किया। जापानी वायु सेना की ओर से एफ-2ए युद्धक विमानों ने विभिन्न हवाई अभियानों में भाग लिया।
वायु सेना प्रमुखों ने भरी उड़ान
अभ्यास के अंतिम चरण में जेएएसडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता और भारतीय वायु सेना प्रमुख एपी सिंह जोधपुर स्टेशन पहुंचे। दोनों शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने स्वदेशी तेजस युद्धक विमान में उड़ान भरकर अपनी पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।
युद्ध कौशल का हुआ आदान-प्रदान
14 दिनों तक चले इस संयुक्त अभ्यास में दृश्यता सीमा से परे युद्ध और समन्वित बहु-विमान अभियानों जैसे उन्नत उड़ान मिशनों पर काम किया गया। दोनों देशों की टुकड़ियों ने परिचालन चर्चा और अभियान योजना सम्मेलनों के माध्यम से एक-दूसरे के अनुभवों को साझा किया।
तकनीकी विषयों पर हुई व्यापक चर्चा
सैन्य कर्मियों के बीच इंजीनियरिंग संवाद, विमान और उपकरण रखरखाव के साथ ही एयरोस्पेस सुरक्षा की संक्षिप्त जानकारी पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इससे सहभागी देशों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और विशिष्ट क्षमताओं को समझने का अवसर मिला।
प्रगाढ़ होंगे दोनों देशों के संबंध
वीर गार्जियन-2026 अभ्यास भारत और जापान के बीच रक्षा साझेदारी और अटूट मैत्री का प्रमाण माना जा रहा है। यह आयोजन दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करने और पेशेवर निकटता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन