Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

नीला ड्रम हत्याकांड: ‘मम्मी ने पापा को ड्रम में डाला’, 8 साल के बेटे के बयान से खुला राज; मां और प्रेमी गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article


नई दिल्ली।

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में हुए ‘नीला ड्रम हत्याकांड’ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मेरठ हत्याकांड जैसे इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। किशनगढ़ स्थित घर की छत पर प्लास्टिक के नीले ड्रम में 28 वर्षीय हंसराज का शव मिलने के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल था। अब तीन दिन बाद इस मामले में हंसराज का 8 साल का बेटा अहम गवाह बनकर सामने आया है, जिसने अपनी आंखों देखी खौफनाक वारदात का राज खोला है।

एनडीटीवी के अनुसार, मृतक हंसराज के सबसे बड़े बेटे हर्षल ने बताया कि कैसे उसकी मां और चाचा (मकान मालिक के बेटे और कथित प्रेमी) ने उसके पिता को नीले ड्रम में डाला। हर्षल के मुताबिक, उसने आरोपियों को नीले ड्रम में पिता का शव डालते हुए देखा था।

शराब और झगड़े से शुरू हुई कहानी

बेटे हर्षल ने बताया कि हत्या से पहले उसके पिता, मां और चाचा एक साथ शराब पी रहे थे। उसकी मां ने भी शराब पी थी और चाचा बहुत नशे में थे। हर्षल ने बताया कि उसके पिता ने भी बहुत शराब पी रखी थी, जिसके बाद उन्होंने उसकी मां को पीटना शुरू कर दिया। चाचा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उसके पिता ने कहा कि अगर तुम उसे बचाओगे, तो मैं तुम्हारी भी पिटाई कर दूंगा। इसके बाद चाचा ने पिता पर हमला किया।

हर्षल ने आगे बताया कि बाद में उसकी मां ने उसे सोने के लिए भेज दिया। जब वह उठा, तो उसने अपने पिता को बिस्तर पर देखा, फिर वह वापस सो गया। लेकिन जब वह दोबारा उठा, तो उसने चाचा और मां को देखा। जब उसने पिता के बारे में पूछा तो चाचा और मां उसे एक ईंट भट्टे पर ले गए, लेकिन ईंट भट्टे के मालिक ने पुलिस को बुला लिया।

कैसे नीले ड्रम में डाला गया शव

हर्षल ने पुलिस को बताया कि वह ड्रम पानी भरने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों ने उसमें से पानी फेंका और उसके पिताजी के शरीर को उस ड्रम में डालकर रसोई में रख दिया। हर्षल ने जब उनसे पूछा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि ‘पिताजी मर गए हैं’।

पुलिस का खुलासा और घरेलू हिंसा का इतिहास

पुलिस ने बताया कि जब हंसराज बहुत ज्यादा नशे में हो गया, तो आरोपियों ने तकिये से उसका गला घोंट दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस व्यक्ति की कथित तौर पर 15 अगस्त को हत्या कर दी गई थी। हर्षल ने यह भी बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां को पीटते और सिगरेट से जलाते थे। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता ने ब्लेड से उसका गला काटने की कोशिश भी की थी। हर्षल के मुताबिक, ‘वह मेरी मां को अक्सर पीटता था। वह उन्हें बीड़ी से जलाता था। वह मुझे भी पीटता था। दरअसल, 15 अगस्त को उसने मेरी गर्दन पर ब्लेड से हमला किया था।’ मृतक हंसराज उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का निवासी था और पत्नी व तीन बच्चों के साथ किशनगढ़ बास में रहता था। पुलिस के अनुसार, सुनीता (पत्नी) अपने प्रेमी और तीन बच्चों के साथ फरार हुई थी, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक हंसराम को शराब की लत थी और वह अक्सर जितेंद्र के साथ शराब पीता था।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow