Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

भिलाई वासियों को नए साल का तोहफा

आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

  •  शहर में शुरू होगी हॉर्स राइडिंग और गारमेंट फैक्ट्री

  • सिटी बस और स्विमिंग पूल की भी मिलेगी सौगात

भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।

नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने नए साल से पहले विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए अफसरों के पेंच कसे हैं। निगम सभागार में आयोजित विशेष समीक्षा बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट कर दिया कि जनहित के कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को ‘मिशन मोड’ में काम करने और फाइलों को टेबल पर न रोकने की हिदायत दी है।

नए साल में बदल जाएगी शहर की तस्वीर

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी नववर्ष 2026 का रोडमैप तैयार करना रहा। आयुक्त ने शहरवासियों के लिए कई बड़ी सौगातों का ऐलान किया है। योजना के मुताबिक, नए साल में शहर की जनता को स्विमिंग पूल और हॉर्स राइडिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा रोजगार और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए गारमेंट फैक्ट्री, सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट और गोबर गैस प्लांट की स्थापना की जाएगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार करते हुए एक फिजियोथैरेपी हॉस्पिटल भी शुरू किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सिटी बस सेवा, सड़कों का निर्माण, उच्च क्षमता वाली पानी की टंकियां और पाइपलाइन विस्तार जैसे बुनियादी ढांचे पर भी व्यापक स्तर पर काम होगा।

जनशिकायतों पर ‘जीरो टॉलरेंस’

आयुक्त ने कलेक्टर टी.एल., जनदर्शन और जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दो टूक कहा कि निगम का मुख्य ध्येय नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा, “नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निवारण होना चाहिए, ताकि आम जनता को परेशान न होना पड़े।” साथ ही, स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

आयुक्त का संदेश: टीम भावना से करें काम

अधिकारियों में जोश भरते हुए आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने कहा, “नए साल में हमें नई ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करना है। हमारा लक्ष्य भिलाई को एक आदर्श शहर बनाना होना चाहिए। सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ जनहित के कार्यों में जुट जाएं।”

बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र दोहरे, उपायुक्त नरेन्द्र बंजारे, उपायुक्त डी.के. कोसरिया, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow