- छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों पर NSUI का कड़ा विरोध
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ शनिवार को राजधानी रायपुर में NSUI ने मशाल जुलूस निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने किया, जिनके साथ प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गिरीश दूबे और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा भी उपस्थित रहे। इस विरोध प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा दुर्ग जिले के डीपीएस स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए रेप के मामले में 20 दिन बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज न होने को लेकर था।
NSUI जिला अध्यक्ष शान्तनु झा ने छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और प्रदेश में निरंतर बढ़ते अपराधों को रोकने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की निकमी सरकार अपराधियों को खुली छूट दे रही है। यहां अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।”
प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए, जिससे राजधानी में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, तो आने वाले समय में और भी बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे।
शांतनु झा जिला अध्यक्ष एनएसयूआई रायपुर
“छत्तीसगढ़ की निकमी सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। प्रदेश में निरंतर बढ़ते अपराधों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। हम इसे रोकने के लिए सड़कों पर उतरे हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे।”











