Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

भिलाई में एससी-ओबीसी के छात्रों को मिली बड़ी सौगात: विधायक रिकेश सेन की पहल पर मुख्यमंत्री साय ने दी निःशुल्क आवास-भोजन सुविधा को मंजूरी

भिलाई में एससी-ओबीसी के छात्रों को मिली बड़ी सौगात: विधायक रिकेश सेन की पहल पर मुख्यमंत्री साय ने दी निःशुल्क आवास-भोजन सुविधा को मंजूरी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग और आस-पास के सुदूर अंचलों से वैशाली नगर भिलाई दुर्ग में अध्ययन के लिए पहुँचने वाले अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इन छात्रों के आगामी शिक्षण सत्र से ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का बीड़ा उठाया है। उनकी इस पहल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिसके लिए विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

200 विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से दुर्ग जिले के सुदूर अंचलों तक के विद्यार्थी इस पहल से लाभान्वित होंगे। बताया गया है कि दुर्ग जिले और आसपास के क्षेत्रों से विद्या अध्ययन के लिए आने वाले अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लगभग 200 युवक-युवतियों को विधायक रिकेश सेन की इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत पंजीयन करवाने वाले इन दोनों वर्ग के 100-100 छात्रों के लिए वैशाली नगर भिलाई क्षेत्र में निःशुल्क रहने की व्यवस्था विधायक सेन द्वारा की जाएगी। साथ ही, ऐसे चयनित बच्चों को भोजन के लिए प्रतिमाह 1200 रुपये भी प्रदान किए जाएंगे।

उच्च शिक्षा में नहीं आएगी अड़चन

यह सुविधा वैशाली नगर विधानसभा से दुर्ग जिले तक के उन छात्रों को मिलेगी जो पिछड़ा वर्ग या अनुसूचित जाति से आते हैं और आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण दसवीं के बाद विद्या अध्ययन में मुश्किलों का सामना करते रहे हैं। यह योजना ऐसे छात्रों की उच्च शिक्षा की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करेगी। इस सुविधा का लाभ कक्षा 11वीं से स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) तक प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने तत्काल दी स्वीकृति

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बताया कि उन्होंने ऐसे बच्चों के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सहज सराहना करते हुए तत्काल आगामी शिक्षण सत्र से इसे लागू करने की स्वीकृति दे दी। विधायक सेन ने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

विधायक रिकेश सेन ने बताया कि वैशाली नगर, भिलाई सहित दुर्ग जिले के ऐसे शासकीय स्कूल व महाविद्यालय जिससे इन दोनों वर्ग के बच्चे लगभग 8 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर निवास करते हैं और कक्षा 11वीं से वैशाली नगर भिलाई क्षेत्र में विद्याध्ययन करना चाहते हैं, उन्हें यह लाभ मिलेगा। यह योजना केवल शासकीय विद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययन के लिए इच्छुक कुल 200 विद्यार्थियों को मिल सकेगी।

इच्छुक अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को आगामी शिक्षण सत्र के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के कार्यालय, जीरो रोड, शांति नगर भिलाई में पंजीयन करवाना आवश्यक होगा। पंजीकृत एससी-ओबीसी वर्ग के चयनित कुल 200 विद्यार्थियों को 11वीं से स्नातकोत्तर तक किसी भी शासकीय संस्थान में अध्ययन के लिए इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow