दंतेवाड़ा ।
दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के थुलथुली गांव में पुलिस जवानों ने नक्सलियों की सबसे ताकतवर बटालियन नंबर 6 को निशाना बनाते हुए 31 नक्सलियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ नारायणपुर और दंतेवाड़ा की सीमा के नेदुर और थुलथुली गांव में हुई थी। पुलिस ने मारे गए नक्सलियों के शवों को बांस की लकड़ियों में बांधकर दंतेवाड़ा पहुंचाया, जहाँ से उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए विभिन्न टीमों को सौंपा गया।
दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय ने बताया कि 31 नक्सलियों के शवों का पोस्टमॉर्टम एक साथ दंतेवाड़ा में नहीं किया जा सकता था, इसलिए 14 शवों को दंतेवाड़ा, 10 को बीजापुर और 7 शवों को मेकाज (मेडिकल कॉलेज जगदलपुर) भेजा गया, ताकि समय रहते सभी नक्सलियों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर उनके परिजनों को सौंपा जा सके।
जगदलपुर में हो रहा है पोस्टमॉर्टम:
7 नक्सलियों के शवों को, जिनमें 4 महिला और 3 पुरुष शामिल हैं, जगदलपुर के मेकाज भेजा गया है, जहाँ उनका पोस्टमॉर्टम किया गया। मारे गए नक्सलियों में फूलों उर्फ सुंदरी (30 वर्ष) भैरमगढ़, बीजापुर से, बसंती पति साकेत (30 वर्ष) कोयलीबेड़ा, कांकेर से, सोमे पति दुग्गे उर्फ मनसीन (35 वर्ष) ग्राम रेकावेट्टी, कांकेर से, बुधराम मड़कम (30 वर्ष) भैरमगढ़, बीजापुर से, जनीला (32 वर्ष) कोसकेटा, थाना पुगरवाल, कोंडागांव से, अर्जुन उर्फ रंजीत (30 वर्ष) ओरछा, नारायणपुर से और सोहन उर्फ रोहन कोयलीबेड़ा, कांकेर से थे।









