रायपुर।
विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी के एक निजी होटल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रेडियो की विश्वसनीयता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की गति मिलकर जनसेवा को अधिक सशक्त बनाएंगे। इस दौरान उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के नए गायन संस्करण का पेन ड्राइव भी लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सूचना क्रांति के इस युग में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ा है, लेकिन आकाशवाणी ने निजी चैनलों की भीड़ में भी अपनी विश्वसनीय, संतुलित और जनहितकारी सूचना परंपरा को कायम रखा है। उन्होंने नवा रायपुर में देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ी, गोंडी और हल्बी भाषाओं में प्रसारण से स्थानीय जुड़ाव मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर (कम्युनिकेशन एंड इनफॉर्मेशन) सुश्री हज़्ज़ाज़ मा’अली ने कहा कि रेडियो दुनिया का सबसे भरोसेमंद माध्यम है और एआई की मदद से इसे और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन, उप महानिदेशक व्ही. राजेश्वर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।









