नया रायपुर में बना अनोखा रिकॉर्ड: 15 एकड़ में एक साथ लगे 2500 पीपल के पौधे, CM साय ने 'माँ के नाम' पौधा लगाकर की 'पीपल फॉर पीपुल' अभियान की शुरुआत!
OM Darpan
रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में 'पीपल फॉर पीपुल' (Peepal for People) अभियान की शुरुआत की है। इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में उन्होंने अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाया। अभियान के पहले ही दिन नया रायपुर के लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2500 से अधिक पीपल के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पीपल का वृक्ष आस्था और विज्ञान का संगम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों को जीवनदाता माना गया है। पीपल का वृक्ष सर्वाधिक ऑक्सीजन देने वाला पेड़ है और यह जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाता है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने भी इसे आस्था और विज्ञान का अद्भुत संगम बताया, जो शहरी प्रदूषण को कम करने में बेहद कारगर है।
इस साल 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 जून 2024 से शुरू हुआ 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान अब एक जनआंदोलन बन चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वन मंत्री कश्यप ने बताया कि अकेले वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में 7.50 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
शिवराज सिंह चौहान के संकल्प का किया जिक्र
जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौती पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का उदाहरण दिया, जिन्होंने प्रतिदिन एक पौधा लगाने का आजीवन प्रण लिया है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घर, खेत की मेड़, विद्यालय या आसपास की खाली भूमि पर माँ के नाम एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।
इन दिग्गजों ने भी लिया वृक्षारोपण का संकल्प
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त एवं आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, अपर मुख्य सचिव (वन) मनोज कुमार पिंगुआ और पीसीसीएफ अरुण कुमार पाण्डेय सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन
