दुर्गा पूजा की धूम के बीच बिरगांव निगम मुस्तैद, महापौर ने बंजारी मंदिर क्षेत्र में परखी व्यवस्था
OM Darpan
बिरगांव। दुर्गा पूजा शुरू होने के साथ ही बिरगांव नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ माहौल देने के लिए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महापौर नंदलाल देवांगन ने निगम आयुक्त और विभागीय अधिकारियों के साथ बंजारी मंदिर क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
पंडालों के आसपास रोज सफाई के निर्देश
महापौर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि त्योहार में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच शहर में कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सजे दुर्गा पंडालों के आसपास रोजाना विशेष तौर पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभागीय प्रभारी ओमप्रकाश साहू भी उनके साथ मौजूद रहे।
निगरानी के लिए उतरीं विशेष टीमें
लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इकराम अहमद ने बताया कि पंडालों और उसके आसपास कचरा जमा न हो, इसके लिए निगम की विशेष सफाई टीमों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। ये टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था के इस पर्व में नागरिकों को साफ और सुरक्षित वातावरण देना निगम की पहली प्राथमिकता है और सफाई में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन