भाठागांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम पर हमला, FIR दर्ज
OM Darpan
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा शहर में अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित बाजार व्यवस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 23 सितंबर 2026 की सुबह भाठागांव बाजार क्षेत्र में निगम की टीम व्यवस्था सुधारने पहुंची थी।
अधिकारियों के साथ की मारपीट
कार्रवाई के दौरान गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर एवं अन्य व्यक्तियों ने निगम की टीम का विरोध किया। आरोपियों ने अधिकारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे कर्मचारियों को चोटें आईं।
इस घटना की वजह से मौके पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। इसके बाद रायपुर नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने थाना पुरानी बस्ती में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में एफआईआर क्रमांक 0507 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 221, 132, 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने में करें सहयोग
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में प्रशासनिक टीम का सहयोग करें। सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत रूप से दुकान, ठेला या गुमटी स्थापित न करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी शासकीय अमले के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस के सहयोग से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन