1000 महिलाओं ने किया रक्तदान से बना विश्व रिकॉर्ड
OM Darpan

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया रक्तदान महाकुंभ का शुभारंभ, विधायक अनुज शर्मा सहित 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान महाकुंभ और आयुर्वेद सेवा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि रक्तदाता का योगदान किसी जरूरतमंद परिवार के लिए नई उम्मीद बनता है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और रक्तदान, देहदान एवं अंगदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेशभर में जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुई उपलब्धि
रक्तदान महाकुंभ में सेवा और जनभागीदारी की ऐतिहासिक तस्वीर देखने को मिली जहां 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा रक्तदान किए जाने की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया। इस दौरान आयोजन में लगभग 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।
31 नागरिकों ने लिया देहदान का संकल्प
प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत देहदान और अंगदान का संकल्प लेने वालों में विधायक अनुज शर्मा सहित 31 लोग शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत अब तक कुल 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं जो चिकित्सा अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। केंद्र सरकार के प्रयासों से आयुर्वेद और योग को वैश्विक पहचान मिली है और आरोग्य केंद्रों के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश में मजबूत होगी स्वास्थ्य अधोसंरचना
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरों का नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं।
जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेजों और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से नागरिकों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जरूरतमंद बच्चों के लिए विशेष पहल
सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्रित करने के लिए अलग केंद्र बनाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इन केंद्रों का अवलोकन कर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन