सेवा संकल्प अभियान से दिव्यांग तोपसिंग की राह हुई आसान
OM Darpan
बैटरी चालित ट्रायसायकल मिलने से खत्म हुई दूसरों पर निर्भरता, अब खुद पहुंच रहे पान ठेले तक
दुर्ग। समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं से सुलभ और पारदर्शी तरीके से जोड़कर सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान दुर्ग जिले में जरूरतमंदों के लिए सहारा बन रहा है। प्रशासनिक तत्परता और त्वरित सेवा वितरण के जरिए नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत करंजा-भिलाई के वार्ड क्रमांक 16 निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग तोपसिंग साहू को बैटरी चालित ट्रायसायकल मिलने से रोजमर्रा की बड़ी परेशानी दूर हुई है।
पान ठेला चलाकर करते हैं परिवार का भरण-पोषण
तोपसिंग साहू अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए छोटा सा पान ठेला संचालित करते हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें प्रतिदिन दुकान तक आने-जाने में काफी कठिनाई होती थी। इसके लिए उन्हें दूसरे लोगों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था।
सेवा संकल्प अभियान की मंशा के अनुरूप उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सहायक उपकरण प्रदाय योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने विभाग से संपर्क किया।
त्वरित कार्रवाई में मिली बैटरी चालित ट्रायसायकल
विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए तोपसिंग साहू को बैटरी चालित ट्रायसायकल प्रदान की गई। ट्रायसायकल मिलने के बाद उनकी आवागमन संबंधी बड़ी समस्या दूर हो गई है।
अब वे बिना किसी की सहायता के स्वयं अपनी दुकान तक आसानी से आ-जा रहे हैं। इससे जहां उनके समय की बचत हो रही है, वहीं पान ठेले के संचालन में भी सहूलियत मिली है।
आत्मनिर्भरता बढ़ी, जताया आभार
बैटरी चालित ट्रायसायकल मिलने के बाद तोपसिंग साहू ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत मिली सुगम व्यवस्था और त्वरित सहायता के लिए सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन