भूपेश बघेल अभद्र टिप्पणी विवाद : भूपेश बघेल पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ दुर्ग में कांग्रेस का हल्लाबोल
OM Darpan
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में थानों में शिकायत, पुलिस को सौंपे डिजिटल साक्ष्य
✍️ संवाददाता
दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के आह्वान पर शनिवार, 22 जून 2024 को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के थाना एवं पुलिस चौकियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं ने आरोपी की तत्काल पहचान कर एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।
नीतीश मंडल नाम के प्रोफाइल से हुई अमर्यादित पोस्ट
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर कार्यकर्ताओं के साथ खुद अमलेश्वर थाना पहुंचे और पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में बताया गया कि फेसबुक पर नीतीश मंडल नाम से संचालित प्रोफाइल से पाटन विधायक भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा में पोस्ट प्रसारित की गई। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, प्रोफाइल विवरण से पता चला है कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पखांजूर (जिला कांकेर) का पदाधिकारी रह चुका है। पुलिस को शिकायत के साथ डिजिटल साक्ष्य के तौर पर स्क्रीनशॉट और फेसबुक प्रोफाइल का यूआरएल भी सौंपा गया है।
जिलेभर के थानों में कांग्रेसियों ने दी शिकायत
विरोध प्रदर्शन के तहत पाटन विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थानों में पहुंचे। जामगांव-आर और रानीतराई थाना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश ठाकुर के संयोजन में शिकायत दी गई, जबकि अमलेश्वर थाना में मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू के नेतृत्व में आवेदन सौंपा गया। कुम्हारी क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष मनहरण यादव के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और कार्रवाई की मांग की।
अहिवारा विधानसभा के जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी में जिला कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल और भिलाई-3 थाने में ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा के नेतृत्व में शिकायत की गई। वहीं, नंदिनी नगर थाने में अहिवारा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष उमेश साहू और अहिवारा नगर अध्यक्ष संतोष बाफना ने मोर्चा संभाला। जामुल थाने में ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश साहू के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। साजा विधानसभा के धमधा ब्लॉक और बोरी चौकी में ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा के नेतृत्व में शिकायत दर्ज हुई।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आने वाले अंडा, उतई, मचांदुर, अंजोरा और नगपुरा चौकी में भी शिकायतें दी गईं। उतई थाना में नगर अध्यक्ष प्रह्लाद वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस को आवेदन सौंपा। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि यदि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए तकनीकी जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन