26 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुसौर क्षेत्र में एक करोड़ बानवे लाख के विकास कार्यों की दी सौगात

शेयर करें

OM Darpan

Aug 10, 2026 05:45 am 760 views
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुसौर क्षेत्र में एक करोड़ बानवे लाख के विकास कार्यों की दी सौगात
  • आंगनबाड़ी, स्कूलों और सामुदायिक भवनों के निर्माण से सुदृढ़ होगी ग्रामीण अधोसंरचना

✍️ विशेष संवाददाता रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने शनिवार को रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने एक करोड़ बानवे लाख सात हजार रुपये की कुल लागत वाले विभिन्न जनोपयोगी विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी भवन, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, और खेल मैदानों में अहाता व शेड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी सार्थक है, जब उसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक हो। पुसौर क्षेत्र में जिन कार्यों की नींव रखी गई है, वे सीधे तौर पर ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े हैं। आंगनबाड़ी भवनों से बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा, जबकि स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का शिलान्यास

ग्राम पंचायत लारा में सात लाख पच्चीस हजार रुपये की लागत से शेड निर्माण और डीपापारा में इकतीस लाख पचपन हजार रुपये की लागत से मंगल भवन का भूमिपूजन किया गया। इसी तरह ग्राम लोहाखान में छप्पन लाख सत्रह हजार रुपये के कार्यों की आधारशिला रखी गई, जिसमें आंगनबाड़ी भवन, प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्ष और मंगल भवन शामिल हैं। ग्राम देवलसुर्रा में चौदह लाख पैंतीस हजार रुपये का आंगनबाड़ी भवन और पांच लाख पचास हजार रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच का निर्माण होगा। ग्राम दर्रीपाली में सैंतीस लाख बहत्तर हजार रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन, क्रिकेट ग्राउंड में अहाता और स्कूल में अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया गया। ग्राम पंचायत महलोई में पंद्रह लाख अठारह हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन और उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप दस लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त ग्राम आरमुड़ा में चौदह लाख पैंतीस हजार रुपये की लागत से नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर पैनी नजर रखें और उन्हें तय समय-सीमा में पूरा कराने में सहयोग दें। इस अवसर पर जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती हेमालिनी प्रकाश गुप्ता, जनपद पंचायत सदस्य श्री कृष्ण प्रधान सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260927041337318

विज्ञापन

Advertisement