मरगा नाला पर 4.52 करोड़ की लागत से बन रहा उच्च स्तरीय पुल
OM Darpan
जशपुर का सरगुजा और बलरामपुर सहित कई जिलों से आवागमन होगा सुगम
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में सड़क और पुल निर्माण के कार्यों में तेजी लाई गई है। इसी क्रम में सन्ना मार्ग पर स्थित मरगा नाला में 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से एक उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य जोरों पर है। इसके पूरा होने से इलाके के लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी और सफर सुरक्षित होगा।
गौरतलब है कि मरगा नाला पर पहले एक संकरी पुलिया थी। इस वजह से लोगों को अक्सर आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कई बार यातायात भी बाधित हो जाता था। नए उच्च स्तरीय पुल के बन जाने से यह पुरानी समस्या दूर हो जाएगी। क्षेत्र के लोगों ने इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।
कई जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
सन्ना मार्ग जशपुर जिला मुख्यालय को सीधे सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में मरगा नाला पर बन रहा यह नया पुल इन जिलों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगा। इससे न केवल स्थानीय नागरिकों को बल्कि अन्य जिलों की ओर सफर करने वाले यात्रियों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी।
जिले में 109 करोड़ से बनेंगे 22 नए पुल
आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने और सड़क नेटवर्क को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले में 22 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए लगभग 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इन पुलों के बनने से दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों का संपर्क मुख्य मार्गों से जुड़ जाएगा। विशेषकर बरसात के दिनों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से होने वाली यातायात की दिक्कतें खत्म हो जाएंगी और साल भर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन