टमाटर की खेती बनी कमाई का ज़रिया, किसान शाहिद ने कमाए 1.20 लाख रुपये
OM Darpan
जीपीएम जिले के सारबहरा गाँव में उन्नत तकनीक और विभागीय मार्गदर्शन से मिली सफलता
गौरेला: छत्तीसगढ़ सरकार की कृषि प्रोत्साहन नीतियों से जुड़कर किसान अब पारंपरिक खेती की जगह उद्यानिकी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सारबहरा निवासी कृषक शाहिद जमा खान ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर 2 एकड़ में टमाटर की सफल पैदावार ली है, जिससे उन्हें अब तक लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।
शाहिद जमा खान पूर्व में भी उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा चुके हैं। विभाग से मिले समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, उन्नत फसल प्रबंधन और वैज्ञानिक तकनीकों के सही इस्तेमाल से उनकी पैदावार में बड़ा सुधार आया है। नियमित देख-रेख और सटीक कृषि कार्यों के चलते टमाटर की खेती उनके लिए आय का एक मजबूत ज़रिया बन गई है।
उद्यानिकी फसलों से व्यावसायिक खेती को बढ़ावा
राज्य सरकार द्वारा किसानों को व्यावसायिक और उद्यानिकी फसलों से जोड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शाहिद खान की यह सफलता साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और वैज्ञानिक पद्धतियों के साथ खेती को अधिक मुनाफा देने वाला व्यवसाय बनाया जा सकता है। उनकी यह पहल क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन